बलरामपुर के एसपी कार्यालय में मौजूद पकड़े गए अभियुक्त ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। चैनल हैक कर यूट्यूबर से आठ लाख रुपये की मांग करने वाले दो आरोपी बिहार निवासी शाहिल रजा व शब्बीर को कटिहार रेलवे स्टेशन प्लेटफाॅर्म नंबर एक से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। करीब एक माह पहले यूट्यूब चैनल हैक कर यूट्यूबर से आठ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। धमकाकर एक लाख 60 हजार 500 रुपये की वसूली कर चुके थे।
देहात क्षेत्र के ग्राम चिरैया भीखपुर निवासी विनय कुमार ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया। बताया कि वह यूट्यूब चैनल चलाता है, जिसके करीब 33 लाख 50 हजार सब्सक्राइबर हैं। नौ अगस्त 2025 को कृष्ण कुमार गौतम निवासी वार्ड नंबर एक पासवान टोला पूर्णिया जनपद कटिहार बिहार ने मेरा चैनल हैक कर लिया। फोन करके आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी। एसपी विकास कुमार ने एएसपी विशाल पांडेय के नेतृत्व में साइबर फ्रॉड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
साइबर फ्रॉड के आरोपियों ने विनय कुमार को कटिहार रेलवे स्टेशन पर बुलाया। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना आरपी यादव की टीम विनय को लेकर पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। साइबर फ्रॉड के आरोपियों ने बताया कि विनय को जान से मारने और चैनल बेच देने की धमकी दी थी। चैनल से महीने में तीन से चार लाख रुपये कमाई हो रही थी, लेकिन चैनल चलाने में दिक्कत आ रही थी। इसीलिए विनय को डरा-धमकाकर कटिहार रेलवे स्टेशन बुलाया था। कृष्ण कुमार गौतम नाम के आरोपी की भी पुलिस तलाश कर रही है।