तुलसीपुर (बलरामपुर)। आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। तहसील मुख्यालय पर जल्द ही दो नए आधार केंद्र खोले जाने की तैयारी है। एक केंद्र तहसील कार्यालय में जबकि, दूसरा नगर पंचायत कार्यालय में संचालित होगा।
अब तक आधार बनवाने के लिए नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। डाकघर में संचालित केंद्र पर सिर्फ संशोधन हो रहा था। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधार से जुड़ा काम पूरी तरह ठप है। इसकी वजह से लोगों को नए आधार कार्ड बनाने या पुराने में सुधार कराने के लिए आधी रात से लाइन लगानी पड़ती थी। एसडीएम राकेश कुमार जैन ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए आधार केंद्रों की स्थापना की जा रही है। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे ने कहा कि नगर पंचायत परिसर में आधार केंद्र संचालन के लिए कक्ष उपलब्ध करा दिया गया है। (संवाद)