तुलसीपुर। नशे की लत से जूझ रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्राम बड़गौं निवासी संतोष कुमार मिश्रा (28) पिछले काफी समय से नशे का आदी था। परिजनों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की। इलाज की सलाह भी दी, लेकिन वह आदत नहीं छोड़ सका। सोमवार रात उसने घर की छत के कुंडे से गमछे के सहारे फांसी लगा ली।
मंगलवार सुबह जब परिजनों ने संतोष को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। पिता अजीत मिश्रा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह पुलिस टीम व फॉरेंसिक यूनिट के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है और इसके पीछे नशे की लत प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है। संतोष के इस कदम से पूरे परिवार में मातम छा गया है।