बलरामपुर में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्घांजलि देते लोग।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। भारत सरकार की पूर्व विदेश, सूचना एवं प्रसारण मंत्री सुषमा स्वराज की 67 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन से जिले के भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई है। नगर के तुलसीपार्क मोहल्ले में स्थित अटल भवन भाजपा कार्यालय में बुधवार को शोक सभा का आयोजन कर भावभीनी श्रद्घांजलि अर्पित की गई। जिला मुख्यालय के साथ उतरौला व तुलसीपुर तहसीलों में भी शोकसभा का आयोजन किया गया है।
अटल भवन भाजपा कार्यालय में शोकसभा को संबोधित करते हुए सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कहा कि राजनीतिक जीवन में सुषमा स्वराज छवि बेदाग रही। उन्होंने अपने कार्यों सेे देश का मान बढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहते हुए पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य किया।
जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, जिला महामंत्री अजय सिंह पिंकू, जिला मंत्री विजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष हरिश्चंद्र गोयल आदि ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सम्मय माता मंदिर धुसाह में प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना प्रचार-प्रसार के तत्वाधान में शोकसभा का आयोजन किया गया। अभियान के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप तिवारी की अध्यक्षता में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।