गैसड़ी में निकाली गई साइकिल यात्रा में शामिल सपाई।-संवाद
बलरामपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पहली पुण्यतिथि पर सपा कार्यालय लोहिया भवन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान नेताजी को श्रद्धा पुष्प अर्पित कर नमन करने के लिए बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान पूरा माहौल जिसने कभी न झुकना सीखा, उसका नाम मुलायम के नारे से गूंजता रहा।
इस दौरान सिद्धार्थनगर बढ़नी से सपा कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई साइकिल यात्रा भी लोहिया भवन पहुंची। गैसड़ी व तुलसीपुर में साइकिल यात्रा का स्वागत हुआ। इस मौके पर स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के सियासी सफर पर सपा के पूर्व मंत्री एवं गैसड़ी विधायक डॉ. एसपी यादव ने कहा कि कहा कि संघर्ष करने और अपनों के लिए खड़ा रहना नेता जी का व्यक्तित्व सिखाता है। पूर्व विधायक जगराम पासवान एवं जिला महासचिव नरसिंह पाल यादव ने कहा कि स्वर्गीय नेताजी कार्यकर्ताओं की छोटी से छोटी बात को भी बहुत गौर से सुनते और उनकी समस्या का समाधान करते थे।
पूर्व विधायक रामसागर अकेला व प्रदेश सचिव ओंकारनाथ पटेल, युवजन सभा के पूर्व जिला यादव व पूर्व जिला महासचिव इकबाल जावेद उर्फ फ्लावर ने भी स्वर्गीय तेजाजी के राजनीतिक जीवन के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर अयाज मुस्तफा, सफीक उल्ला खा, सैय्यद, मोनू सिंह, वसीम आदि नेश्रद्धा सुमन अर्पित कर नेताजी को नमन किया।