बलरामपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार पांच मार्च को दो शिफ्ट में लोकसभा चुनाव ड्यूटी में नामित दो सौ कार्यकारी मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसरों व कार्मिकों प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। नोडल कार्मिक व सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि इसके साथ ही जिले के चारों विधानसभाओं में चुनाव खर्च की निगरानी के लिए कार्यकारी मजिस्ट्रेटों व कार्मिकों की तैनाती भी कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही यह टीमें सक्रिय हो जाएगी।
सदर, तुलसीपुर, गैंसड़ी व उतरौला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव में खर्च की निगरानी के लिए उड़ाका दस्ता, स्थाई निगरानी टीम, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम व लेखा टीम के कार्यकारी मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर उनके पदीय दायित्वों व कर्तव्यों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक प्रथम शिफ्ट में तुलसीपुर व गैंसड़ी और दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक दूसरे शिफ्ट में उतरौला व सदर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकारी मजिस्ट्रेटों व पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।