महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महराजगंज परिसर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को स्मार्ट क्लास चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ बीईओ महेंद्र कुमार ने किया।
बीईओ ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की स्मार्ट क्लास परियोजना ड्रीम प्रोजेक्ट में है। इस योजना के माध्यम से परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास से पढ़ाकर उनके भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। स्मार्ट क्लास के परियोजना प्रबंधक विकास कुमार मिश्र ने बताया कि 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं को डिजिटल माध्यम से बच्चों को पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में अलग-अलग बैच के शिक्षकों को स्मार्ट क्लास पढ़ाने की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षक राजेश ने कार्यशाला में शिक्षकों को बताया कि स्मार्ट क्लास डिजिटल के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। स्मार्ट क्लास से शिक्षण की पद्धतियों में बदलाव किया गया है। इस नई विधि से विद्यार्थियों को पढ़ाने में शिक्षकों की ही रुचि बढ़ेगी और बच्चे भी ध्यान लगाकर पढ़ाई करेंगे।