बलरामपुर। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को सह-समन्वयकों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को प्रेरणा एप का प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ अमनदीप डुली ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ कराया।
सीडीओ ने कहा कि शासन स्तर से प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शैक्षिक माहौल में सुधार करने एवं सूचनाएं त्वरित गति से आदान-प्रदान कराने के लिए प्रेरणा एप लागू किया है। इसके माध्यम से सभी शिक्षकों को छुट्टी का प्रार्थना पत्र देने के लिए बेसिक शिक्षा कार्यालय व बीईओ कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
मोबाइल एप के माध्यम से शिक्षकों को आसानी से छुट्टी मिल सकेगी। बच्चों व शिक्षकों की उपस्थिति, एमडीएम संचालन आदि की निगरानी में भी आसानी होगी। प्रेरणा एप लागू होने से शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
डीसी एमडीएम फिरोज अहमद ने कार्यशाला में सह समन्वयकों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को प्रेरणा एप मोबाइल पर अपलोड कराने एवं संचालन कराने के बारे में ट्रेनिंग दी। बीएसए हरिहर प्रसाद ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्कूलों से संबंधित गतिविधियों एवं उपस्थिति आदि की रिपोर्ट सेल्फी के माध्यम से भेजी जाएगी।
जिले भर के शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों व सह समन्वयकों को ट्रेंड करने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला कराई जाएगी। कार्यशाला में प्रेरणा एप चलाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस मौके पर वित्त एवं लेखाधिकारी एके जायसवाल, डीसी निरंकार पांडेय, शिक्षक/शिक्षामित्र एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राकेश प्रताप सिंह, एनके सिंह, फिरोज अहमद व आशुतोष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।