बलरामपुर। नगर के झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के कारण यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। क्षेत्राधिकारी यातायात वीर सेन सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी और हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बहराइच-श्रावस्ती की ओर से तुलसीपुर जाने वाले भारी वाहन हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग से होकर जाएंगे। वहीं, गोंडा की ओर से आने वाले भारी वाहन फुलवरिया बाईपास से हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग का उपयोग करेंगे।
हल्के वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। बहराइच-श्रावस्ती की ओर से आने वाले वाहन पीपल तिराहा, संतोषी माता मंदिर मार्ग, भगवतीगंज, उतरौला मार्ग, नहरबालागंज और मेवालाल पुलिस चौकी होते हुए तुलसीपुर पहुंचेंगे। गोंडा की ओर से आने वाले हल्के वाहन फुलवरिया बाईपास से उतरौला मार्ग होते हुए निर्धारित रास्ते से जाएंगे।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने बताया कि यह व्यवस्था निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने लोगों से यातायात पुलिस का सहयोग करने और सुरक्षित यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की।