बलरामपुर के सिटकिहवा गांव में रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
ललिया (बलरामपुर)। हरिहरगंज-बरदौलिया मार्ग पर धंधरा पेट्रोल पंप के पास शनिवार रात अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवार युवक व महिला को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।
ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिकटिहवा निवासी संजय कुमार वर्मा (35) शनिवार रात आठ बजे गांव की ही सुमन (30) का इलाज कराने के लिए बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा गए थे। वहां दवा लेने के बाद वह लोग करीब 09.30 बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में धंधरा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में संजय व सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक संजय के भाई सुभाष कैराती की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
दो बच्चे हुए अनाथ, पांच के सिर से उठा पिता का साया
धंधरा पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर सुमन की मौत से मासूम बच्चों के सिर से बाप के बाद अब मां का साया भी उठ गया है। सुमन की शादी करीब 15 साल पहले राजू यादव से हुई थी। दो वर्ष पहले राजू यादव की मौत हो गई थी। तब से सुमन ही आठ वर्ष के बेटे राजकुमार व चार वर्ष की बेटी प्रिया का पालन-पोषण कर रही थीं। अब सुमन की मौत होने से दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं। उनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब बुजुर्ग दादा-दादी पर आ गई है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले संजय के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। हादसे से बेटी रुचि (05), रूबी (04) सुरभि (03), बेटे तेजस (02) व विनय (01) के सिर से पिता का साया उठ गया है।
दो मौत से गांव में पसरा मातम
ललिया के सिटकिहवा गांव में दो लोगों की मौत से मातम का माहौल है। सुमन व संजय की मौत से गांव के लोग दुखी हैं। दोनों के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमन के घर में उसके मासूम बच्चों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। हर कोई बस यही कह रहा था वृद्ध दादा-दादी अब बच्चों का लालन-पालन कैसे करेंगे।