सादुल्लानगर। फर्जी दस्तावेज के आधार पर एक फाइनेंस कंपनी से ऋण हासिल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऋण हासिल करने के बाद बिना ऋण जमा किए बंधक बनाई गई जमीन दूसरे को बेच भी दी थी। मामले की रिपोर्ट निजी फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधि शशिकांत तिवारी ने दर्ज कराई थी।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र के नेवादा निवासी अब्दुल कयूम को उसके गांव के पास से गिरफ्तार किया गया है। बताया कि आरोपी ने मकान के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन गिरवी रखकर फाइनेंस कंपनी से 22 लाख 31 हजार 960 का ऋण स्वीकृत करा लिया। 21 लाख 24 हजार 904 रुपये अपने खाते में आहरित कर ली। साथ ही, गिरवी रखी संपत्ति को कंपनी को धोखा देने के लिए किसी तीसरे पक्ष को बेच दी। इसके साथ ही शेष बकाया 17 लाख 88 हजार 795 जमा नहीं किया। बकाया धनराशि गबन करने की नियत से बैंक के प्रतिनिधि को गलत जानकारी देने का आरोप है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी एक धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज है।