बलरामपुर। नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। 20 जुलाई को होने वाले दो पालियों के समारोह में जिले के नौ ब्लॉकों के प्रमुखों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ समारोह के बाद प्रथम बैठक की जाएगी जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों की छह समितियों का गठन किया जाएगा। जिले के सभी नौ ब्लॉकों पर शपथ ग्रहण समारोह कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्वाचित जिले के सभी नौ ब्लॉकों के प्रमुखों और 984 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को दो पालियों में 20 जुलाई को शपथ दिलाई जाएगी।
ब्लॉक प्रमुखों को शपथ दिलाने वाले अधिकारियों को नामित कर दिया गया है। तीनों तहसीलों के एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारियों को ब्लॉक प्रमुखों को शपथ दिलाने का जिम्मा सौंपा गया है।
सदर ब्लॉक प्रमुख को एसडीएम अरुण कुमार गौड़, हरैया सतघरवा ब्लॉक प्रमुख को जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, तुलसीपुर ब्लॉक प्रमुख को एसडीएम विनोद कुमार सिंह, गैसड़ी ब्लॉक प्रमुख को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह, पचपेड़वा ब्लॉक प्रमुख को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार, श्रीदत्तंगज ब्लॉक प्रमुख को जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, उतरौला ब्लॉक प्रमुख को एसडीएम डॉ. नागेन्द्र नाथ यादव, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक प्रमुख को अपर एसडीएम और रेहरा बाजार ब्लॉक प्रमुख को जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुश्वाहा शपथ दिलाएंगे।
दोनों पलियों में शपथ लेने वाले सभी ब्लॉक प्रमुख क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। सदर ब्लॉक प्रमुख आरती सोनकर को 158 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, हरैया सतघरवा ब्लॉक प्रमुख अविरल सिंह को 133 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, तुलसीपुर ब्लॉक प्रमुख स्वामिता सिंह को 131 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, गैसड़ी ब्लॉक प्रमुख शक्ति सिंह को 123 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, पचपेड़वा ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी को 108 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, श्रीदत्तगंज ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल को 81 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, उतरौला ब्लॉक प्रमुख सोहरता देवी को 73 क्षेत्र पंचायत सदस्यों, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी 69 क्षेत्र पंचायत सदस्यों व रेहरा बाजार ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह को 108 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। शपथ के बाद सभी ब्लॉकों पर प्रथम बैठक की जाएगी।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद ब्लॉक प्रमुखों की अध्यक्षता में प्रथम बैठक करके छह-छह समितियों का गठन किया जाएगा। शिक्षा, नियोजन एवं विकास और प्रशासनिक समिति का अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख स्वयं होंगे। निर्माण कार्य, परिवार कल्याण व जल प्रबंधन समिति में क्षेत्र पंचायत सदस्य अध्यक्ष पद पर नामित किए जाएंगे।