बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए नोडल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिले में 66 केंद्रों पर परीक्षा कराने के लिए 2479 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी परीक्षा कक्षों को सीसीटीवी कैमराें लैस किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। जिले से इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 15,290 एवं हाईस्कूल की परीक्षा में 20,854 विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा कराने के लिए जिले में तीन राजकीय, 18 सहायता प्राप्त एवं 45 स्ववित्त पोषित सहित कुल 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट के साथ नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 66 स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी के लिए मौजूद रहेगा। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी करेंगे। इसके अलावा परीक्षार्थियों पर नजर रखने के लिए बेसिक शिक्षा के 957 एवं माध्यमिक शिक्षा से 1522 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
सेंट्रल कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए नगर के एमपीपी इंटर कॉलेज में जनपदीय (सेंट्रल) कंट्रोल रूम बनाया गया है। सभी 66 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन माॅनीटरिंग के लिए 14 शिक्षक व कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्र 24 घंटे जनपदीय एवं राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे।
39 केंद्रों पर पहुंचाया गया प्रश्नपत्र
कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को 39 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र पहुंचाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर मौजूद स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक एवं नामित पुलिस अधिकारी ने प्रश्नपत्र रिसीव कर स्ट्रांग रूम के डबल लाॅक अलमारी में रखवा दिया है।
परीक्षार्थियों को वितरित किया गया प्रवेश पत्र
बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए प्रवेश पत्र का वितरण किया जा रहा है। ऋतुराज सिंह बालिका इंटर कॉलेज मुड़िला तुलसीपुर के प्रधानाचार्य संतोष सिंह ने बताया कि विद्यालय में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में कुल 333 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। शनिवार को इनमें से 250 छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र वितरित किया गया है।