फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: 66.60 लाख से संवरेंगे जिले के तीन संस्कृत विद्यालय

Tue, 30 Jun 2026 11:46 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले के तीन संस्कृत विद्यालयों का जल्द ही कायाकल्प होगा। शासन की प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत इन विद्यालयों में भवन निर्माण, बाउंड्रीवाल, रंग-रोगन तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 66.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के क्रियान्वयन से वर्षों पुराने भवनों को नया स्वरूप मिलेगा और छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा।
विज्ञापन


इस योजना के तहत महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, बलरामपुर, आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भगवतीगंज तथा श्रीराधा कृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवीपाटन (तुलसीपुर) में भवन निर्माण के साथ कक्षाओं का सुंदरीकरण, पेयजल, शौचालय एवं परिसर विकास से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि स्वीकृत धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।

श्रीराधा कृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवीपाटन (तुलसीपुर) के प्रधानाचार्य अनिल द्विवेदी ने बताया कि विद्यालय के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 9.59 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। इस धनराशि से एक हाल, आठ कक्ष, कार्यालय, रसोईघर तथा शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
विज्ञापन


आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भगवतीगंज के प्रधानाचार्य अनुराग मिश्र ने बताया कि विद्यालय को भी 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त के रूप में 9.50 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इस राशि से बाउंड्रीवाल, दो कक्ष, बालक एवं बालिका शौचालय का निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

इसी प्रकार महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, बलरामपुर के प्राचार्य देवमित्र त्रिपाठी ने बताया कि महाविद्यालय के लिए 16.60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त के रूप में 6.37 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इस धनराशि से बाउंड्रीवाल, एक हाल और दो कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसके पूरा होने पर विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी और विद्यार्थियों को अधिक सुविधाजनक शैक्षिक वातावरण मिलेगा।

मानकों के अनुरूप होंगे सभी निर्माण कार्य

जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत चयनित तीनों संस्कृत विद्यालयों के लिए कुल 66.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें