बलरामपुर। बाहर से आने वाले लोगों से जिले में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिले में पहुंचे तीन यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। पॉजिटिव पाए गए तीनों यात्रियों को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित कोविड लेवल-2 हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। सभी मरीजों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है।
एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने बताया कि जिले के तीन रेलवे स्टेशन और एक बस स्टेशन पर उतरने वाले सभी यात्रियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात की गई है। बलरामपुर रेलवे स्टेशन, झारखंडी रेलवे स्टेशन एवं तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर कुल 103 तथा बलरामपुर बस डिपो में 40 यात्रियों की कोविड जांच की गई।
जांच में बाहर से घर लौटे गैसड़ी, बलरामपुर ग्रामीण एवं हरैया क्षेत्र के एक-एक व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए इन व्यक्तियों को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित कोविड लेवल-2 हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश की जा रही है। इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का भी सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।