तुलसीपुर। देवीपाटन मंदिर परिसर स्थित सूर्यकुंड में डूब रहे तीन श्रद्धालुओं के लिए पीएसी के जवान देवदूत बनकर सामने आए। दो अलग-अलग घटनाओं में जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पहली घटना में मंदिर परिसर के कुंड में स्नान के दौरान दो युवतियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर तैनात आरक्षी शत्रुहन भारती ने बिना एक पल गंवाए पानी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने खुशबू और नीलम को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मुख्य आरक्षी राम प्रकाश साहनी और आरक्षी सुनील कुमार गौड़ ने भी सहयोग किया। कुछ ही देर बाद दूसरी घटना में नेपाल के कपिलवस्तु निवासी आकाश जायसवाल भी कुंड के गहरे पानी में डूबने लगा। वहां ड्यूटी पर मुस्तैद आरक्षी अब्दुल लतीफ ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान आरक्षी पवन चौरसिया और अभिषेक शुक्ला ने सहयोग किया। (संवाद)