बलरामपुर। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों से अब जुर्माना वसूल किया जाएगा। नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए 20 जनवरी से प्रचार वाहन चलाकर लोगों को सड़क पर कूड़ा न फेंकने के लिए जागरूक किया जाएगा। डीएम श्रुति के निर्देश पर इस बाबत तैयारी शुरू कर दी गई है।
ईओ नगर पालिका परिषद बलरामपुर राकेश कुमार जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि 30 जनवरी से नगर में प्रचार वाहन चलाकर स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगी। प्रचार वाहन लोगों को जागरूक करेगा कि अपने दुकानों, प्रतिष्ठानों व घरों के सामने कूड़ा न फेंके।
कूड़ा एकत्रित करने के लिए वाहन गली, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में जाएगा। ईओ ने सभी दुकानों व प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि डस्टबिन में कूड़ा एकत्रित रखें और वाहन पहुंचने पर उसे दे दें। फल व सब्जी के ठेले वाले भी अपने पास डस्टबिन रखें। तीन दिनों तक प्रचार वाहन चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और इसके बाद सड़क पर कूड़ा पाए जाने पर दुकान, प्रतिष्ठान, घर व ठेले के स्वामी से जुर्माना वसूला जाएगा।