बलरामपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों के लिए अब विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श पाना आसान हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के ई संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिली है। 195 सीएचओ के सहारे मरीजों को घर के पास ही इलाज व परामर्श की सुविधा मिल रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि जिले में तैनात सीएचओ ई-संजीवनी पोर्टल का प्रभावी उपयोग कर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ई संजीवनी एक आधुनिक टेली परामर्श व्यवस्था है, जिसके जरिये ग्रामीण क्षेत्र के मरीज अपने नजदीकी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह प्राप्त कर रहे हैं। सीएचओ मरीज की जांच कर उसकी स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क स्थापित करते हैं। इससे मरीजों को तुरंत परामर्श मिल जाता है।
प्रतिदिन देखे जाते हैं 250-260 मरीज
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ई संजीवनी सुविधा से प्रतिदिन औसतन 250 से 260 मरीज देखे जाते हैं। इनमें से गंभीर मरीजों को परामर्श व उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों का सहारा लिया जाता है। विशेषज्ञ के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मरीजों का उपचार करते हैं।