बलरामपुर। तीन दुकानों से चोरों ने 17 हजार नकदी सहित करीब 50 हजार का माल पार कर दिया है। भगवतीगंज के सरकारी खत्ती गोदाम का भी चोरों ने ताला तोड़ दिया है। पुलिस चौकी भगवतीगंज के आसपास चोरी की घटनाएं हुई हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस चौकी भगवतीगंज निवासी गोपाल मेडिकल स्टोर पर, सीताराम तुलस्यान के घर व शिव प्रताप वर्मा की ढाबली का ताला तोड़कर चोरों ने माल पार किया है।
पुलिस चौकी के बगल स्थित गोपाल मेडिकल स्टोर संचालक कृष्ण गोपाल अग्रवाल ने बताया कि 15 हजार रुपये नकद, पूजा के चांदी के दो सिक्के तथा पांच हजार रुपये का दवा पार कर दिया है। दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। सीसीटीवी कैमरे में चोरों का चेहरा कैप्चर हो गया है। कैमरे में कैप्चर रिपोर्ट भी पुलिस को गोपाल अग्रवाल ने दी है।
इसी तरह से सीताराम तुलस्यान के घर से पानी का मोटर चोर खोल ले गए है। शिव प्रताप वर्मा की ढाबली से पांच हजार रुपये का सामान व दो हजार नकद चोरों ने पार कर दिया है।
डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि भगवतीगंज स्थित फत्ती गोदाम का चोरों ने ताला काट दिया है लेकिन गोदाम से किसी सामान की चोरी नहीं हो सकी है। सभी लोगों ने नगर कोतवाली के भगवतीगंज पुलिस चौकी में घटना की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन कराई जा रही है। भगवतीगंज के लोगों का आरोप है कि पुलिस चौकी के बगल हुई घटना मन में डर पैदा कर रही हैं।