बलरामपुर। सदर तहसील परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में बृहस्पतिवार रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। शुक्रवार सुबह जब कर्मचारी पहुंचे तो पीछे की सीमेंटेड जाली टूटी मिली, वहीं कार्यालय के बाथरूम की बेसिन और कुछ रद्दी गायब थी। मामले की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय शिव नारायण सिंह ने एसपी को पत्र भेजकर कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में कार्यालय में कंप्यूटर, फोटोस्टेट मशीन, अलमारी, स्टील बॉक्स और महत्वपूर्ण अभिलेख रखे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में किसी भी प्रकार की अनहोनी हो सकती है। (संवाद)