बलरामपुर के कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में शिकायत सुनते कर्मचारी।
बलरामपुर। हेलो... ईवीएम खराब है, मतदान नहीं हो पा रहा है...। मतदाता सूची में मेरा नाम नहीं है..., बीएलओ ने मतदाता पर्ची नहीं पहुंचाई...। हेलो... मतदेय स्थल को ढूंढने में समस्या आ रही है, इसे दूर कराइए...। श्रावस्ती लोकसभा के चुनाव के दौरान कुछ ऐसी ही शिकायतों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित नियंत्रण कक्ष का फोन दिनभर घनघनाता रहा। चुनाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 व कलेक्ट्रेट के बेसिक फोन नंबर 05263-232121 पर शनिवार को मतदाताओं और मतदान कार्मिकों ने हर तरह की शिकायतों व सूचनाओं को दर्ज कराया।
शनिवार सुबह सात बजे जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों गैसड़ी, तुलसीपुर और बलरामपुर सदर में जैसे ही मतदान शुरू हुआ, कंट्रोल रूम में फोन की घंटियां बजने लगीं। गैसड़ी विधानसभा के उपचुनाव में आ रही समस्याओं को लेकर भी लोगों ने फोन किया। पहली शिकायत गैसड़ी विधानसभा के बूथ संख्या 309 पर ईवीएम के खराब होने की मिली। वहां मतदेय स्थल पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। गैसड़ी विधानसभा उपचुनाव में बूथ संख्या 56 व तुलसीपुर विधानसभा के बूथ संख्या 394 मुड़िला में भी ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। इसपर अधिकारियों ने तुरंत मतदेय स्थल पर पहुंचकर ईवीएम को बदलवाकर मतदान शुरू करवाया। धुसाह गांव के झगरू प्रसाद ने मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायत दर्ज कराई। पचपेड़वा के तरुण मिश्र ने मतदाता पर्ची न पहुंचाने की शिकायत कर बीएलओ पर कार्रवाई करने की मांग की। बलरामपुर नगर के सद्दाम ने भी मतदाता सूची में नाम कटने की शिकायत दर्ज कराई। दोपहर तीन बजे तक कंट्रोल में इस तरह की 18 शिकायतें दर्ज कराई गईं।