बलरामपुर। दीपावली में पटाखों का बाजार सज गया है। नगर के बड़ा परेड ग्राउंड में सजी आतिशबाजी व पटाखा की दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। लोग बच्चों को उनकी मनपसंद पटाखा खरीदवाने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। रविवार दोपहर से स्टेडियम में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इस बार ग्राहक रॉकेट व रंग-बिरंगी रोशनी वाले पटाखों की अधिक मांग कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने दीपावली पर पटाखा की 64 दुकानों को अस्थायी लाइसेंस दिया है। नगर के बड़ा परेड ग्राउंड में सर्वाधिक 38 दुकानें सजी हैं। यहां लोग बच्चों के साथ पटाखे खरीदते दिखे। पटाखा विक्रेता महताब ने बताया कि इस बार अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है।
पटक बम व सुतली बम की बिक्री पर रोक के बाद अब ग्राहक रॉकेट की अधिक मांग कर रहे हैं। बच्चों में रंग-बिरंगी रोशनी वाले अनार की डिमांड अधिक है। रियाज व छोटे ने बताया कि धनतेरस के चलते आज बाजार कुछ धीमा है, सोमवार को दीपावली के दिन जमकर बिक्री होगी।
इसी तरह तुलसीपुर में स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज व उतरौला स्थित रामलीला मैदान में पटाखों की अस्थायी दुकानें सज गईं हैं। इन सभी स्थलों पर मंगलवार तक पटाखों की बिक्री होगी।
द्वितीय अग्निशमन अधिकारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले के 64 पटाखा व्यापारियों को निर्धारित स्थल पर अस्थायी दुकान लगाकर पटाखा बेचने का लाइसेंस दिया है। सभी दुकानों की जांच कर वहां अग्निकांड से बचाव के संसाधन लगवाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोग 112 नंबर पर सूचना दे सकते हैं।