बलरामपुर। झमाझम बारिश के कारण किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं। किसान धान की नर्सरी तैयार करने में जुट गए हैं। बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है।
नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें कीचड़ व गंदगी से लबालब हो गई हैं। कीचड़ व गंदगी के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई दिनों से तेज धूप व उमस के चलते पड़ रही गर्मी से लोगों को निजात मिल गई हैं। बरसात में बच्चों ने खूब मस्ती करते दिखाई पड़े।
रविवार को भोर पहर ही तेज बारिश शुरु हो गई। मूसलाधार बारिश के बाद दोपहर दो बजे बारिश थमी तो तापमान काफी हद तक ठंडा हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिल गई।
मूसलाधार बारिश सेे खेतों में किसान धान की नर्सरी तैयार करने में जुट गए। इस बारिश से गन्ना किसानों को भी काफी फायदा हुआ है। इस बारिश ने जहां लोगों को खुश कर दिया है वहीं कीचड़ व जलभराव से लोगों को असुविधा भी झेलनी पड़ रही है। गांवों के साथ-साथ शहरों में भी कीचड़ व जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मूसलाधार बारिश से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। जिला मुख्यालय पर वीर विनय चौराहा, तुलसीपार्क, नई बस्ती, खलवा, पूरबटोला, बलुहा, सिविल लाइन्स, भगवतीगंज, विशुनीपुर एवं गदुरहवा आदि मोहल्लों में जलभराव से लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। इसी तरह उतरौला, तुलसीपुर व पचपेड़वा नगर क्षेत्र में भी बारिश के चलते कीचड़ व जलभराव से नगरवासी परेशान हैं।