गोंडा। विकास खंड रुपईडीह के कृषि बीज विक्रय केंद्र का गोदाम गेहूं, मंसूर के बीज खत्म होने के बाद पिछले पांच दिनों से खाली है। किसानों को मंगलवार को भी केंद्र से बीज नहीं मिला। गेहूं, मसूर के लिए लगातार पांच दिनों से दौड़ रहे किसान बीज न मिलने से निराश होकर कृषि गोदाम से वापस लौट गए। राजाजोत गांव निवासी रामछतर पांडेय ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से गेहूं व मसूर का बीज लेने आते हैं, लेकिन बीज उपलब्ध न होने से वापस लौट जाते हैं। कृषि गोदाम प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि हमारे यहां गेहूं, मसूर के बीज खत्म हो गए हैं। बीज आते ही किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।