बलरामपुर। चुनाव सामग्री लाने के लिए नौ मार्च को जिले की टीम प्रयागराज भेजी जाएगी। 10 मार्च को प्रयागराज में टीम को चुनाव सामग्री मुहैया कराई जाएगी। निर्वाचन परिणाम पंजिका व पोलिंग पार्टियों को दिए जाने वाला लिफाफा प्रयागराज से टीम को लाना है।
दिल्ली व लखनऊ से 68 लाख बैलेट पेपर मंगाए जा चुके हैं। 8322 मत पेटिकाएं भी दुरुस्त कराई जा रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति ने उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह की टीम को चुनाव सामग्री लाने के लिए प्रयागराज जाने का जिम्मा सौंपा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंच स्थानीय राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में ग्राम प्रधान पद की 800, ग्राम पंचायत पद की 10038, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 993 और जिला पंचायत सदस्य पद की 40 सीटों पर मतदान कराने के लिए निर्वाचन परिणाम पंजिका की आवश्यकता होगी।
इसी तरह से 2524 मतदेय स्थलों पर चुनाव कराने के लिए जाने वाली पोलिंग पार्टियों के किट में लिफाफा रखा जाएगा। निर्वाचन परिणाम पंजिका व लिफाफा प्रयागराज में 10 मार्च को दिया जाएगा।
इन्हें लाने के लिए डीएम की तरफ से उप कृषि निदेशक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि 9 मार्च को प्रयागराज पहुंचेंगे और 10 मार्च को सामग्री लेकर पंच स्थानीय कार्यालय को उपलब्ध करा देंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 67.79 लाख बैलेट मतपत्रों का इंतजाम किया जा चुका है। नई दिल्ली से 64.89 लाख और लखनऊ से 2.90 लाख बैलेट मतपत्र मंगाए जा चुके हैं।