बलरामपुर। जिले के अचलापुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था अब और अधिक आधुनिक और मजबूत होने जा रही है। खिलाड़ियों की सुरक्षा व स्टेडियम परिसर की प्रभावी निगरानी के लिए 20 सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही आधुनिक निगरानी प्रणाली से जोड़ दिया जाएगा।
स्पोर्ट्स स्टेडियम का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और यहां प्रतिदिन 500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। स्टेडियम में हॉकी, फुटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, जूडो, तीरंदाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स सहित कई खेलों का नियमित प्रशिक्षण संचालित होता है। इसके अलावा समय-समय पर जिला, मंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाता है, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अभिभावक शामिल होते हैं। सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, खेल मैदान, प्रवेश व निकास द्वार, दर्शक दीर्घा, पार्किंग और अन्य महत्वपूर्ण स्थान 24 घंटे निगरानी के दायरे में रहेंगे। इससे स्टेडियम में अनुशासन बनाए रखने, किसी भी विवाद या दुर्घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध कराने व चोरी या सामान गुम होने जैसी घटनाओं की जांच में मदद मिलेगी। क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा लग जाने से सभी गतिविधियों की लाइव मॉनीटरिंग हो सकेगी।