बलरामपुर। काकोरी ट्रेन एक्शन के 100वें वर्षगांठ पर जिलेभर में कार्यक्रमों की धूम रही। कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर काकोरी ट्रेन एक्शन के इतिहास पर प्रकाश डाला गया। कहा कि सदियों तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को सदियों तक याद रखा जाएगा। गोष्ठी में डीएम व जनप्रतिनिधियों सेवानिवृत्त मेजर जनरल एसके राव सहित तमाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। वहीं नगर के चंद्रशेखर आजाद पार्क में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, गैसड़ी विधायक राकेश यादव ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
छह रक्तवीरों ने किया रक्तदान
- काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह के तहत संयुक्त जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का शुभारंभ सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने किया। शिविर में छह रक्तवीरों द्वारा रक्तदान किया गया। एसीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. अजय कुमार शुक्ल, डॉ. अरविंद यादव, राजेश पांडेय व राजेश हंस आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
काकोरी ट्रेन एक्शन के 100वें वर्षगांठ पर शहर के बालिका इंटर कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। वाद विवाद प्रतियोगिता में कुलसुम ने प्रथम, इंदमा ने द्वितीय व तुबा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिले के अन्य विद्यालयों में भी पेंटिंग, निबंध एवं वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डाला। वहीं विद्यार्थियों ने नगर के एमपीपी इंटर कॉलेज से प्रभात फेरी निकाली। डीआईओएस मृदुला आनंद ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।