-बलरामपुर के हजरत बाबा हुरमत शाह के आस्ताने पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अकीदतमंद ।-संवाद
- फोटो : संवाद
बलरामपुर। हजरत बाबा हुरमत शाह के आस्ताने पर पांच दिवसीय सालाना उर्स धूमधाम से मनाया जा रहा है। उर्स के चौथे दिन बुधवार की रात बाबा के आस्ताने से ताक भराई का जुलूस गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। जुलूस में शामिल एहराम पोश और अकीदतमंद वारिस पाक की शान में नारा बुलंद कर रहे थे।
बुधवार रात सबसे पहले आस्ताना कमेटी के सुपरवाइजर डॉ. तारिक अफजल सिद्दीकी और अन्य सदस्यों की निगरानी में ताक भराई की रस्म अदा करने की तैयारी शुरू हुई। मीठा गुलगुला के साथ अन्य कई तरह की मिठाइयां बनाई गईं। उसके बाद बैंड बाजे के साथ ताक भराई का जुलूस रवाना हुआ। जुलूस में एहराम पोश महिला व पुरुष वारसी अपने सिरों पर मिठाई लेकर या वारिस हक वारिस का नारा बुलंद करते रहे। जुलूस पानी टंकी, डॉ. मजीद मोड़, सब्जी मंडी, चौक व गर्ल्स कॉलेज चौराहा होते हुए मोहल्ला गदुरहवा स्थित मस्जिद पहुंचा। यहां पर कमेटी के सचिव हकीम निसार वारिस, मोहम्मद हसन कुरैशी, अब्बास अली सिद्दीकी, शाहनाज अंसारी, असलम, गोलू, समी खान व एहराम पोस वारसियों ने मस्जिद में ताक भराई की रस्म अदा की। यहीं पर जुलूस में शामिल लोगों को तबर्रुक का वितरण किया गया।