बलरामपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल के साथ-साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुुमार शुक्ल व एएसपी अरविंद मिश्र ने जिले के कई ब्लॉकों के मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर मतगणना का जायजा लिया। मतगणना कार्य में लगे कार्मिकों को निष्पक्ष ढंग से गिनती कराने का निर्देश अधिकारियों ने दिया।
डीएम व एसपी ने एमपीपी इंटर कॉलेज में कराई जा रही सदर ब्लॉक की मतगणना का जायजा लिया। यहां से निकलकर डीएम व एसपी ने नवीन मंडी समिति तुलसीपुर पहुंचकर मतगणना कार्य की जानकारी ली। हरैया सतघरवा ब्लॉक के मोहनलाल रामलाल इंटर कॉलेज पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया।
देर शाम तक गैसड़ी, पचपेड़वा व अन्य ब्लॉकों के भी मतगणना स्थलों पर डीएम व एसपी ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की नब्ज टटोली। एडीएम व एएसपी ने एमपीपी इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू कराई और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को निष्पक्ष ढंग से वोटों की गिनती कराने का निर्देश दिया।
मतगणना कराने पहुंचे उम्मीदवारों व उनके समर्थकों से भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की गई। एडीएम व एएसपी ने श्रीदत्तगंज ब्लॉक के मतगणना केंद्र चौधरी लालता प्रसाद सिंह बौद्ध महाविद्यालय पहुंचकर गिनती का जायजा लिया।
उतरौला ब्लॉक की मतगणना एचआरए इंटर कॉलेज में कराई जा रही है जहां एडीएम व एएसपी ने पहुंचकर मतगणना कार्मिकों के साथ-साथ उम्मीदवारों व उनके समर्थकों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की नसीहत दी।