बलरामपुर के वीर विनय चौराहे पर ई-रिक्शा पर नंबर लिखते पुलिसकर्मी।
बलरामपुर। चोरी व मार्ग दुर्घटना पर ई-रिक्शा चालक की पहचान के लिए यातायात विभाग ने नई पहल शुरू की है। विभाग की तरफ से नगर में संचालित ई-रिक्शा पर नंबर लिखकर कोड निर्धारित किया गया है। अब यदि कोई यात्री ई-रिक्शा में सामान भूल जाता है या मार्ग दुर्घटना होती है तो नंबर के सहारे कोई भी यातायात पुलिस कार्यालय में ई-रिक्शा चालक का नाम, पता व मोबाइल नंबर आसानी से पता लगा सकेगा।
नगर में बढ़ते ई-रिक्शा की संख्या और उनसे होने वाली चोरी, दुर्घटना सहित अन्य कोई समस्या होने पर ई-रिक्शा की पहचान नहीं हो पाती है। इस समस्या से निपटने के लिए एसपी केशव कुमार के निर्देश पर बलरामपुर नगर में चलने वाले सभी ई-रिक्शा के आगे व पीछे सीरियल नंबर लिखा जा रहा है। यातायात प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग में अब तक करीब 4100 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 750 ई-रिक्शा पर सीरियल नंबर लिखा जा चुका है। नंबर लिखे जाने के बाद यातायात कार्यालय में चालक का नाम, पता व मोबाइल आदि का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाता है।