बलरामपुर के श्रीदत्तगंज ब्लॉक में कलश जमा करने जाती कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरद
बलरामपुर। विकास भवन परिसर में बृहस्पतिवार को कलश एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के नौ ब्लॉक व पांच नगर निकायों में जमा किए गए अक्षत व मिट्टी से भरे कलश गाजे बाजे के साथ विकास भवन में एकत्रित किए गए। एकत्रित अमृत कलश अब 27 अक्तूबर को लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत बीते माह में जिले भर में कलश में मिट्टी एकत्र किया गया था। नगर निकाय व ब्लॉक के कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों से मिट्टी व अक्षत एक अमृत कलश में एकत्र किया था। बृहस्पतिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय कलश एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन कर 96 वार्डों व 793 ग्राम पंचायतों से लाए गए मिट्टी से भरे कलश को एकत्र किया गया। सभी नौ विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी व नगर निकायों के ईओ ने जिलाधिकारी अरविंद सिंह को मिट्टी से भरा कलश प्रदान किया। अब इन कलश को 27 अक्तूबर को जिलाधिकारी लखनऊ भेजेंगे।
कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, मनरेगा उपायुक्त सतीश पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।