बलरामपुर के भगवतीगंज में राम-भरत मिलाप का मंचन करते कलाकार।
बलरामपुर। भगवतीगंज में चल रहे श्री रामलीला में बुधवार रात रावण वध के बाद श्रीराम की अयोध्या वापसी हुई। जहां भरत मिलाप की लीला का मंचन देख श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस दौरान पूरा माहौल जय श्रीराम के जयकारे से गूंजता रहा। शोभा यात्रा में शामिल श्री राम लक्ष्मण व हनुमान का जगह-जगह एकत्रित श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
रावण वध के बाद सीता को लेकर श्रीराम जब लक्ष्मण, हनुमान व सुग्रीव की सेना के साथ अयोध्या पहुंचते हैं तो भरत की अगुवाई में अयोध्या की सारी प्रजा उनका भव्य स्वागत करती है। भगवतीगंज चौराहे से शुरू हुई भरत मिलाप शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत हुआ। चौराहे पर राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न जब गले मिले तो श्रद्धालु भावविभोर होकर श्रीराम के जयकारे लगाने लगे। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, गंगा शर्मा कौशिक, आनंद शर्मा, दुलीचंद्र गोयल, महामंत्री सुनील गुप्ता व मंत्री राजेश केसरवानी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।