संसद में छुट्टा मवेशी का मुद्दा रखते सांसद राम शिरोमणि वर्मा।-स्रोत: स्वयं
बलरामपुर। क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों की समस्या से किसान परेशान हैं। श्रावस्ती सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने संसद में छुट्टा मवेशियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर गोशाला का निर्माण कराने की मांग की।
सांसद ने सदन में छुट्टा मवेशियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि श्रावस्ती संसदीय क्षेत्र के बलरामपुर व श्रावस्ती जनपद में छुट्टा मवेशियों की समस्या काफी बढ़ गई है। इस समस्या के निराकरण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर गोशाला का निर्माण कराया जाए और गोशाला में पर्याप्त चारे-पानी की व्यवस्था की जाए, ताकि छुट्टा मवेशियों से किसानों की फसलों को बचाया जा सके। सांसद प्रतिनिधि डॉ. सुनील चौधरी ने बताया कि छुट्टा मवेशियों के हमले में जान गंवाने वालों को मुआवजा दिलवाने तथा फसलों के नुकसान की भरपाई का मुद्दा भी सदन में उठाया गया। (संवाद)