बलरामपुर। गांवों के विकास में 17 बिंदुओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। पंचायतीराज दिवस के दिन सभी प्रधानों को गांवों के विकास का संकल्प दिलाया जाएगा। पांच साल में विकास कार्यों के सभी बिंदुओं को पूरा कराने की चुनौती होगी। जिले के सभी नौ ब्लॉकों में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जम्मू कश्मीर के थाना सांबा की ग्राम पंचायत पाली के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कराया जाएगा, जिसमें जिले के पंचायत प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री का संबोधन सुनाया जाएगा। ये जानकारी प्रभारी सीडीओ/पीडी अनिल कुमार सिंह ने शनिवार को दी।
प्रभारी सीडीओ/पीडी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के कार्यक्रम जिले के सभी नौ ब्लॉकों में धूमधाम के साथ कराए जाएंगे। कार्यक्रम को बेहतर ढंग से कराने के लिए विकास भवन में बैठक की गई। इसमें डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह व अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार मालवीय आदि के साथ चर्चा करके सभी ब्लॉकों के बीडीओ, एडीओ पंचायतों व ग्राम पंचायत सचिवों को पंचायत दिवस के कार्यक्रम कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिले की 800 ग्राम पंचायतों में होने वाली विशेष बैठक का विवरण डीपीएम संदीप कश्यप को अपलोड कराने जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष आरती तिवारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी ब्लॉकों पर प्रमुखों की अध्यक्षता में कार्यक्रम होंगे जिसमें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। एक पंचवर्षीय में गांवों का 17 बिंदुओं पर विकास कार्य कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी गांवों में राष्ट्रीय ग्राम पंचायत दिवस पर एक साल में नौ थीम पर विकास परियोजनाओं को परवान चढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा। सभी ग्राम प्रधान, बीडीसी व डीडीसी अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को पूरा कराने की जिम्मेदारी संभालेंगे। एक साल में अपने-अपने गांव को सुशासित, साफ व हरा, गरीबी मुक्त बेहतर आजीविका वाला, बाल मैत्री, विकास में लैंगिक समानता, पर्याप्त जल, स्वस्थ गांव, सामाजिक रुप से सुरक्षित और संचनात्मक ढांचे की उपलब्धता से लैस कराएंगे। इनमें से किन्हीं तीन थीम का चयन करके अपने गांव को आगामी छह माह में मॉडल के रूप में विकसित करने का संकल्प लेंगे।