बलरामपुर। जिले की तीनों गन्ना विकास समितियों में 41 डेलगेट सीटों पर 123 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तीन अक्तूबर को होगा। तीनों समितियों में 14,889 वोटरों को मतदान करना है। पोलिंग बूथ बनाने की तैयारी की जा रही है।
जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/डीएम पवन अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को एमपीपी इंटर कॉलेज व डीएवी इंटर कॉलेज में डेलीगेट सीटों पर मतदान कराने के लिए टीम ने निरीक्षण किया। टीम में शामिल अपर एसडीएम न्यायिक उतरौला/गन्ना विकास समिति बलरामपुर आरओ राजेंद्र बहादुर, सहायक जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/एआर कोऑपरेटिव अमरेश मणि तिवारी एवं सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति बलरामपुर/उतरौला अविनाश सिंह ने अपनी रिपोर्ट डीएम को उपलब्ध करा दी है। डीएम के निर्देश पर मतदान केंद्र का अधिग्रहण किया जाएगा।
सचिव अविनाश सिंह ने बताया कि गन्ना समिति बलरामपुर में 1169 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 1053 दावेदारों ने पर्चे भरे थे। 61 पर्चे खारिज होने से 992 डेलीगेट सीटों पर दावेदारों के पर्चे बचे थे। नाम वापसी के बाद 956 डेलीगेट सीटों पर एकल नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। 36 डेलीगेट सीटों पर 108 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया है। हर डेलीगेट सीट पर तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 13 हजार 800 वोटरों को करना है।
गन्ना विकास समिति उतरौला में गनवरिया खुर्द में 40 वोटरों को दो, रेडवलिया में दो सीटों पर 385 वोटरों को तीन और कुरथुई में 41 वोटरों को दो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है। उतरौला गन्ना विकास समिति के सचिव अविनाश सिंह ने बताया कि समिति में पोलिंग बूथ बनाया जा रहा है। उतरौला में 314 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 323 पर पर्चे दाखिल हुए थे। 21 नामांकन पत्र खारिज हो गए थे। जांच में 302 दावेदारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। 299 सीटों पर एकल पर्चा के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय है। तीन सीटों पर एक अधिक उम्मीदवार होने पर चुनाव हो रहा है।
गन्ना विकास समिति तुलसीपुर के सचिव रवींद्र ने बताया कि 709 डेलीगेट सीटों पर 554 पर्चे भरे गए थे। जांच में 84 पर्चे खारिज हो गए, 470 पर्चे वैध पाए गए थे। 468 सीटों पर एकल नामांकन के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय है। रतनुपर झिंगहा में 340 वोटरों को चार और बघेलखंड में 283 वोटरों को चार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है। गन्ना विकास समिति तुलसीपुर में मतदान व मतगणना कराने की तैयारी की जा रही है।