बलरामपुर। जिले के सभी परिषदीय, राजकीय, माध्यमिक, वित्त पोषित स्कूलों व मदरसों में बीते दिन सत्र में पहली बार फलों का वितरण कराया गया। शासन ने नौनिहालों की सेहत सुधारने के लिए शानदार कदम उठाया है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने बताया कि शासन के निर्देश पर मध्याह्न भोजन योजना से आच्छादित जिले के सभी स्कूलों के हेडमास्टरों व शिक्षकों को कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं को मौसमी फलों का वितरण कराने का निर्देश दिया गया है। खंड शिक्षाधिकारियों से फल वितरण की रिपोर्ट भी तलब की गई है।
रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बीईओ गैसड़ी हृदय शंकरलाल श्रीवास्तव, सदर मनीराम वर्मा, ओपी कुशवाहा व महेंद्र कुमार आदि ने बताया कि अपने-अपने शिक्षा क्षेत्र के सभी हेडमास्टरों को फल वितरण कराने के लिए कहा गया था। फल वितरण की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। शीघ्र ही बीएसए व अन्य उच्चाधिकारियों को फल वितरण की रिपोर्ट भेजी जाएगी। स्कूलों में फल पाकर नौनिहालों के चेहरे खुशी से खिल गए।