बलरामपुर। स्वरोजगार से बेरोजगारों के सपने संवारे जाएंगे। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, एक जनपद एक उत्पाद व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए उन्हें 22 दिसंबर तक हरहाल में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। किसी भी कार्य दिवस में उपायुक्त उद्योग दफ्तर पहुंचकर समस्या का निराकरण करा सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग राजेश कुुमार पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि आयुक्त व निदेशक उद्योग उद्यम प्रोत्साहन कार्यालय कानपुर के निर्देश पर शिक्षित युवा बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का साक्षात्कार कराकर शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इन सभी योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन करने का 22 दिसंबर तक मौका दिया गया है। अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त उद्योग कार्यालया में किसी भी कार्य दिवस में प्रात: 10 से सायं 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।