बलरामपुर के सीएचसी तुलसीपुर में फाइलेरिया की दवा खिलाते अधीक्षक।-स्रोत: विभाग
तुलसीपुर (बलरामपुर)। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए तुलसीपुर ब्लॉक में सोमवार से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू किया गया। फाइलेरिया को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 300 टीमें मैदान में उतारी हैं। स्वास्थ्य कर्मी गांव-गांव दस्तक देकर लोगों को जागरूक करने के साथ फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को चिह्नित करेंगे।
तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने किया। अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाकर बीमारी के लक्षण व उपचार के बारे में बताया। अधीक्षक ने बताया कि तुलसीपुर ब्लॉक में 28 अगस्त तक अभियान चलेगा। 300 स्वास्थ्य टीमें गांवों में घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की जानकारी देंगी। स्वास्थ्य कर्मी एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी लोगों को डीईसी और अल्बेंडाजोल दवा खिलाएंगे।
साथ ही टीमें फाइलेरिया के संभावित लक्षण वाले मरीजों का ब्यौरा जुटाएंगी। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक तुलसीपुर में फाइलेरिया के 63 मरीज चिह्नित किये गए हैं। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर पंचायत, शिक्षा व बाल विकास विभाग व कोटेदार सहयोग करेंगे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज मौजूद रहे।