फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: अमरहवा के पास पक्का पुल बनने से बदलेगी 20 गांवों की तस्वीर

Tue, 27 Oct 2026 11:54 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-2-बलरामपुर के अमरहवा में बना लकड़ी का पुल ।-संवाद
विज्ञापन
महराजगंज तराई। खरझार पहाड़ी नाले पर पक्के पुल की आस लगाए ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ललिया मार्ग से अमरहवा जाने वाले संपर्क मार्ग पर 5.20 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी पुल का निर्माण कराया जाएगा। तीन स्पैन वाले इस पुल के बनने से क्षेत्र के 20 गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल नाला पार करने के लिए ग्रामीणों को बांस के अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ता है। बरसात में नाले का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन और मुश्किल हो जाता है।
विज्ञापन


अमरहवा गांव के पास खरझार पहाड़ी नाले पर स्थायी पुल बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। छह अगस्त 2026 को संवाद न्यूज एजेंसी ने अमर उजाला में बांस के पुल पर टिकी 20 गांवों की जिंदगी शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उस समय मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर सेतु निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वे किया था। इंजीनियर आलोक शुक्ला ने बताया था कि पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
ग्रामीण राजू यादव का कहना है कि खरझार पहाड़ी नाले पर पक्का पुल नहीं होने से बरसात में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बांस के पुल से गुजरना मजबूरी है। पानी बढ़ने पर नाला पार करना मुश्किल हो जाता है। अब पक्का पुल बनाने की तैयारी से खुशी है। इससे गांव के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
विज्ञापन


शिव शंकर मिश्रा के मुताबिक, नाले पर पुल नहीं होने से बच्चों को स्कूल भेजने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। बरसात में रास्ते को लेकर चिंता बनी रहती है। पक्का पुल बनने से वर्षों पुरानी समस्या दूर होने की उम्मीद जगी है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।

दिनेश कुमार का कहना है कि अभी नाला पार करने के लिए बांस के अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ता है। यह स्थायी समाधान नहीं है। पक्का पुल बनने से बाजार आने-जाने और जरूरी काम निपटाने में आसानी होगी।

वहीं, प्रहलाद करन ने कहा कि खरझार नाले पर पक्का पुल बनना क्षेत्र के लिए बड़ी राहत होगी। बरसात में आवागमन प्रभावित होने से लोगों को काफी परेशानी होती है। पुल बनने से रास्ता सुरक्षित होगा और गांवों का संपर्क बेहतर होगा। अब ग्रामीणों को निर्माण जल्द शुरू होने और समय से पूरा होने का इंतजार है।

18.75 मीटर के होंगे तीन स्पैन

लोक निर्माण विभाग की योजना के अनुसार, महराजगंज-ललिया मार्ग के किलोमीटर छह से बाईं ओर निकलने वाले संपर्क मार्ग के किलोमीटर दो पर अमरहवा की ओर जाने वाले रास्ते में पुल बनाया जाना है। पुल में तीन स्पैन प्रस्तावित हैं। प्रत्येक स्पैन की लंबाई 18.75 मीटर होगी। पुल निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निविदा जारी की गई है। निविदा विवरण के अनुसार, कार्य पूरा करने की अवधि 450 दिन निर्धारित की गई है। हालांकि, निर्माण शुरू होने की तारीख और कार्यादेश जारी होने की स्थिति की पुष्टि अभी होनी बाकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें