गौरा चौराहा। पकड़ी गांव में रविवार सुबह बकरी चराने गया 13 वर्षीय सूरज नाले में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए तुलसीपुर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के नाना ओमप्रकाश ने बताया कि सूरज रविवार सुबह करीब नौ बजे गांव के बाहर नाले के पास बच्चों के साथ बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह अन्य बच्चों के साथ नाले में नहाने लगा। गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।
साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद सूरज को पानी से बाहर निकाला गया। ग्रामीण उसे उपचार के लिए तुलसीपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को गांव स्थित घर लाया गया।
ओमप्रकाश ने बताया कि सूरज जब एक वर्ष का था, तभी उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह उनके यहां रहता था। सूरज के पिता पिंटू पचपेड़वा क्षेत्र के बरगदवा के निवासी हैं। सूरज तीन भाइयों में मंझला था। किशोर की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि नाले में डूबने से किशोर की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।