बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के लिए डीएम कृष्णा करुणेश की गठित टीमें तहसीलवार माध्यमिक स्कूलों के भौतिक सत्यापन में जुटी हैं। डीएम ने तीनों टीमों से 19 दिसंबर तक स्कूलों के भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट तलब की है।
कोविड-19 महामारी के चलते प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर हर परीक्षार्थी के लिए 36 वर्ग फीट में बैठने का इंतजाम करने वाले स्कूलों को ही सूची में जगह मिल सकेगी। न्यूनतम 150 और अधिकतम 800 परीक्षार्थियों के प्रत्येक बोर्ड परीक्षा केंद्र पर बैठने का इंतजाम करना होगा। मानक पूरा न करने वाले स्कूलों को यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि जिले के तीनों तहसीलों में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता वाली चार-चार सदस्यीय टीमें गठित की गई हैं।
सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र यादव के साथ तहसीलदार आलमगीर, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण वाईपी शुक्ल व राजकीय हाईस्कूल सहजौरा रेहरा बाजार के प्रभारी हेडमास्टर सुरेंद्र कुमार चौधरी, उतरौला एसडीएम अरुण कुमार गौड़ के साथ तहसीलदार रोहित कुमार मौर्य, सहायक अभियंता व राजकीय इंटर कॉलेज इटईरामपुर के प्रधानाचार्य उमेश पांडेय और तुलसीपुर एसडीएम विनोद सिंह के साथ तहसीलदार, सहायक अभियंता व राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार यादव को माध्यमिक स्कूलों का यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है।
तीनों टीमों को 19 दिसंबर तक डीआईओएस डॉ. चंदन पांडेय को हर हाल में रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश है। निर्देश का पालन न करने वाली टीमों के खिलाफ डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सभी टीमों को माध्यमिक स्कूलों में डबल वायस रिकार्डर, उच्च तकनीक के सीसीटीवी कैमरों, राउटर, डीबीआर व 4-जी ब्राडबैंड कनेक्शन सहित निर्धारित सभी बिंदुओं की रिपोर्ट जांच में शामिल करनी होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड प्रयागराज की तरफ से परीक्षा 2021 में पांच दिसंबर तक जिले के 22 हाईस्कूल व इंटरमीडिएट स्तर के राजकीय, 19 वित्त पोषित और 112 वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों से ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दिया गया था।
कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार एक केंद्र पर अधिकतम 800 और न्यूनतम 150 परीक्षार्थियों को दोनों पालियों में शामिल किया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि इस बार हाईस्कूल में 17,134 और इंटरमीडिएट में 11,718 परीक्षार्थियों की यूपी बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी। सभी शर्तों पर खरा उतरने वाले माध्यमिक स्कूलों को यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 में केंद्र के सूची में शामिल होने का मौका मिल सकेगा।