फोटो-33-बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते डीएम व अन्य।-स्रोत:
बलरामपुर। सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के लिए एमएलके महाविद्यालय में ऑनलाइन शिक्षक व्यावसायिक विकास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और भारती एयरटेल फाउंडेशन की तरफ से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की आधुनिक तकनीक पर जोर देते द टीचर एप के उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षकों के पेशेवर विकास के साथ जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देगी। द टीचर एप के माध्यम से शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कक्षा शिक्षण अधिक प्रभावी बनेगा। यह कार्यक्रम नीति आयोग और भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इसमें बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान, डिजिटल शिक्षा, कक्षा प्रबंधन और आधुनिक शैक्षणिक विधियों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले शिक्षकों को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और विद्या भारती फाउंडेशन की तरफ से प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
नीति आयोग के ओएसडी जितेंद्र वर्मा ने नई तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने इसे शिक्षकों के लिए उपयोगी पहल बताया। बीएसए शुभम शुक्ला ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। फाउंडेशन के प्रतिनिधि वीना त्यागी व संदीप ने बताया कि द टीचर एप पर शोध आधारित सामग्री उपलब्ध है। इसका उपयोग करने से शिक्षण कार्य आसान व प्रभावी होगा। कार्यक्रम में बीईओ सदर अशोक कुमार पाठक, बीईओ हरैया सियाराम वर्मा, बीईओ गैड़ास बुजुर्ग विनय कुमार चौधरी, शिक्षक कमल किशोर, अभिषेक पांडेय, राजन सिंह, पूनम यादव, अस्तित्व त्रिपाठी, शशि रंजन व आलोक उपाध्याय सहित अन्य मौजूद रहे।