बलरामपुर। शिक्षक दिवस पर बदायूं के बीएसए द्वारा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व शिक्षक संजीव कुमार शर्मा को निलंबित किए जाने पर शिक्षकों का गुस्सा भड़क उठा। बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जुटे शिक्षकों ने इसके खिलाफ विरोध मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के संबोधित अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी डीएम काे सौंपा। इसमें प्रमुख तौर पर तानाशाह बीएसए के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष ज्ञान सागर पाठक ने आरोप लगाया कि बदायूं जिले की बीएसए स्वाति भारती तानाशाही व अनियमितता करते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। वह संगठन से जुड़े शिक्षकों को आए दिन अपमानित करती रहती हैं। बदायूं के कंपोजिट विद्यालय आरिफपुर में तैनात संघ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा को शिक्षक दिवस के अवसर पर झूठे व मनगढ़ंत आरोप लगाकर निलंबित कर दिया गया हैं। बीएसए की इस मनमानी से संघ के पदाधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। विरोध प्रदर्शन में अवधेश कुमार श्रीवास्तव, मनीष पांडेय, विकास, अशोक गौतम, राज कुमार वर्मा, रियाज अहमद व विपिन पांडेय सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।