बलरामपुर के बीएसए कार्यालय पर बैठक के दौरान समीक्षा करते सहायक शिक्षा निदेशक रमापति राम त्रिपा
बलरामपुर। देवीपाटन मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक रमापति राम त्रिपाठी शुक्रवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने बीएसए व अन्य जिला समन्वयकों के साथ बैठक कर 30 बिंदुओं पर मिली उपलब्धियों की समीक्षा की।
दोपहर एक बजे शुरू हुई बैठक में एडी ने परिषदीय विद्यालयों में नामांकन के स्थिति की जानकारी लेते हुए 15 अगस्त तक इस प्रक्रिया को पूरी करने और शून्य नामांकन वाले स्कूलों पर कार्रवाई करने का निर्देश बीएसए कल्पना देवी को दिया। इसी तरह सहायक निदेशक ने 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत आधार की फीडिंग कराने, जुलाई के प्रथम सप्ताह में सभी बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराने व निपुण न होने वाले स्कूलों की प्रतिमाह समीक्षा करने का निर्देश बीईओ को दिया।
बैठक में केजीबीवी के निर्माणाधीन भवन को समय से पूरा कराने, स्कूल में कंपोजिट ग्रांट का विवरण अंकित कराने, आईजीआरएस शिकायतों का समुचित निस्तरण कराने, केजीबीवी छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज कराने सहित 30 बिंदुओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बीईओ रामचंदर, सियाराम, रमेश कुमार, घनश्याम वर्मा, जिला समन्वयक निरंकार पांडेय, मोहित देव त्रिपाठी, एनके सिंह, अंकुर मिश्र, खाबर फारूकी व रामबहादुर आदि मौजूद रहे।