बलरामपुर। बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल इटई मैदा के प्रबंध निदेशक ने दो दिवसीय दौरे पर क्षेत्र के किसानों से मुलाकात की। कई गांवों में जाकर गन्ने की फसल का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गन्ना उत्पादन में वृद्धि के लिए किसानों को सुझाव भी दिए।
प्रबंध निदेशक अजय शर्मा दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को इटई मैदा यूनिट में पहुंचे। चीनी मिल क्षेत्र के गांवों में गन्ने की फसल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने किसानों से कहा कि गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए समय-समय पर उर्वरक व कीटनाशकों का उपयोग संतुलित रूप से जरूर करें। उन्होंने किसानों को चीनी मिल की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। फसल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने चीनी मिल के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक भी की। जिसमें गन्ने की आपूर्ति, चीनी का उत्पादन व गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में यूनिट हेड राकेश यादव, केन हेड संजीव शर्मा, प्रोडक्शन हेड आमोद कुमार विश्नोई, जोनल हेड एचआर एनके शुक्ला, बृजेश चंद्र मंडल, केपी सिंह व अशोक पांडेय आदि मौजूद रहे।