महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर शुगर कंपनी से जुड़े किसानों की आर्थिक उन्नति को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन की तरफ से हर संभव मदद दी जाएगी। ये बातें शुगर कंपनी तुलसीपुर इकाई के प्रमुख योगेश कुमार सिंह ने चीनी मिल गेट बालापुर, इमिलिया व हरैया जोन के जनसेवा कर्मियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने जनसेवा कर्मियों से कहा कि बलराम एप में गन्ने की खेेती में बढ़ते हुए लागत मूल्य को कम करने, वैज्ञानिक विधि से खेती करके अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने की विस्तार से जानकारी दी गई है। टिकाऊ खेती करने और चीनी मिल से सीधे जुड़ने के लिए बलराम एप का विशेष उपयोग रहेगा।
उन्होंने बताया कि चीनी मिल व गन्ना समिति में किसानों को अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। एप का उपयोग करके गन्ने के उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। 24 घंटे बलराम एप के माध्यम से किसान जुड़े रहेंगे।
जनसेवा व ग्राम सेवा के माध्यम से किसानों को बलराम एप डाउनलोड कराने, उपयोग करने और उससे लाभ प्राप्त करने के बारे में बताया जाएगा। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक गन्ना डॉ. राजेश प्रताप शाही, मुख्य प्रबंधक बृजेश सिंह सहित चीनी मिल के सभी अधिकारी व जनसेवा कर्मी मौजूद रहे।