गैसड़ी बाजार में चुनावी चर्चा करते लोग।
गैसड़ी (बलरामपुर)। चुनाव की तिथि नजदीक आ रही है। नेताओं की फौज अब दर-दर पहुंचने लगी है। ऐसे में शहर की सरकार को लेकर मतदाता चर्चा कर रहे हैं। पहली बार नगर पंचायत का चुनाव होने के नाते लोगों को इससे काफी आशा है। फिलहाल, हर कोई जनहित का ध्यान रखने वाले चेयरमैन को चुनने की बात कह रहा है।
बुधवार को तपती दोपहर में सड़क किनारे होटल पर चाय की चुस्कियों के बीच शहर की सरकार बन बिगड़ रही है। संजय श्रीवास्तव कहते हैं कि पहली बार नगर पंचायत के चुनाव में वोट डालना है। ऐसे नेता का चुनाव करना है जो गैसड़ी को आदर्श शहर बनाए। बिजली, पानी जैसी सुविधाएं मिल सकें। सबसे बड़ी बात है कि ऐसे नेता को चुनिए, जो साफ-सुथरी छवि का हो। इनकी बात को बीच में काटते हुए नंदकिशोर जायसवाल कहते हैं कि ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर विकास की जो बात करेगा उसी को नेता चुना जाएगा।
बड़े सिंह ने कहा कि शिक्षा को सुधारने के लिए प्रयास करने वाले को तरजीह दी जाएगी। कबीर यादव बोले- स्वास्थ्य सेवाओं का हाल किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को तरजीह दी जानी चाहिए। अमित कुमार ने कहा कि शुद्ध पेयजल की जरूरत है। कहीं हैंडपंप खराब है तो कहीं अन्य समस्याएं। ऐसे में चुनाव के समय ऐसे नेता का चुनाव किया जाएगा, जिसे जनहित की समझ हो। अनिल कुमार व रामसरन कश्यप बोले विकास की बात करने वाले को ही वोट देंगे।