बलरामपुर। परिषदीय स्कूलाें के विद्यार्थियाें की प्रतिभा निखारने के लिए अभ्युदय उत्सव -2025 का आयोजन होगा। जिले के 1809 विद्यालयाें को आयोजन कराने के लिए 5 लाख 42 हजार 700 रुपये का बजट समग्र शिक्षा अभियान से जिले को दिया गया है। प्रत्येक विद्यालयों में जनवरी माह के अंतिम शनिवार को उत्सव आयोजित होंगे। जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
अभ्युदय उत्सव में दो कार्यक्रम होने हैं। जिसमें शारदा संगोष्ठी में आउट ऑफ स्कूल रहे जिन बच्चों का नामांकन हुआ है, उनको विद्यालय में उपस्थिति के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। अभिभावकों को भी सम्मानित कर प्रेरित करेंगे कि बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें, उनकी फीडबैक भी ली जाएगी। इसके साथ ही उसी दिन वार्षिकोत्सव के कार्यक्रम होंगे। जिसमें 3 से 5 आयु वर्ग के विद्यार्थियों की 50 तथा 100 मीटर की दौड़, 6 से 8 विद्यार्थियों की 100 व 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता होगी। 4 गुणे 10 मीटर की रिले रेस के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिसमें विद्यार्थी नाटक, कविता आदि की प्रस्तुति देंगे। भाषण, रंगोली और पाेस्टर प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा और पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहेंगे। जिससे वह जान सकें कि उनके बच्चों ने विद्यालय में कितना सीखा है।
-
प्रधानाध्यापक नहीं कर सकेंगे मनमानी, रहेगी निगरानी
परिषदीय विद्यालयों में आयोजन कराने में प्रधानाध्यापक मनमानी नहीं कर सकेंगे। जिले स्तर से ब्लॉकवार नोडल अधिकारियों की तैनाती होगी। जो भ्रमण कर कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे और पूरी रिपोर्ट तैयार करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि कार्यक्रम बेहतर ढंग से आयोजित हों। प्रत्येक विद्यालय में 695 रुपये प्रतिभागी विद्यार्थियों के पुरस्कार और 2305 रुपये आयोजन की तैयारी पर खर्च किये जाने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम की ग्रुप फोटो और छाेटे-छोटे वीडियो भी बनाकर दिया जाना है।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की पहल विभाग ने किया है। आयोजन की तैयारी के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
शुभम शुक्ल, बीएसए