बलरामपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के लिए रविवार को अवकाश के दिन भी सरकारी स्कूल खोले गए। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे स्कूल पहुंचे। बच्चों ने कविता पाठ व चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूलों में बच्चों को लजीज पकवान परोसा गया।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद की ओर से रविवार को अवकाश के दिन भी कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय स्कूलों को खोलने का निर्देश दिया गया था। इसी के तहत रविवार को जिले के सभी परिषदीय विद्यालय खोले गए। प्राथमिक विद्यालय अचलापुर नगर में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने कविता पाठ व चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। प्राथमिक विद्यालय नहरबालागंज में प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार मौर्य ने स्वतंत्रता आंदोलन पर प्रकाश डालते हुए अमर शहीदों को नमन किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय गुमड़ी में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने बच्चों को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के बारे में बताया।
प्राथमिक विद्यालय सतनापुर में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत देशभक्ति पर आधारित तमाम कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका गुड़िया देवी व शिक्षामित्र पूनम सिंह आदि मौजूद रहीं। प्राथमिक विद्यालय अगया बुजुर्ग में प्रधानाध्यापक कमाल अहमद के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए।