फोटो-17-बलरामपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुगानगर में मौजूर विद्यार्थी।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। तुलसीपुर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुगानगर में सोमवार को बाल संसद का चुनाव कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बारीकियों को समझा।
बलरामपुर देहात संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। संस्था के कार्यक्रम सहायक विशाल उनियाल ने बताया कि बाल संसद के गठन के माध्यम से बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार के महत्व से परिचित कराया गया।
चुनाव में 60 विद्यार्थियों ने मतदान किया। नीलू वर्मा को सर्वसम्मति (सभी 60 मत) से प्रधानमंत्री चुना गया। इसके अलावा अरुण कुमार सूचना मंत्री, कुसुमा खेल मंत्री, नेहा स्वास्थ्य मंत्री, मुकेश शिक्षा मंत्री तथा अशोक रक्षा मंत्री निर्वाचित हुए।
प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनहित में कार्य करना है। संस्था के पवन कनौजिया ने विद्यार्थियों को सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व की भावना के साथ विद्यालय हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी एक-दूसरे की मदद कर बेहतर शैक्षिक वातावरण का निर्माण कर सकते हैं।